Surajpur News: झाड़ू की आड़ में बस से हो रही थी गांजा तस्करी, पुलिस ने 2 करोड़ का 20 क्विंटल गांजा किया जब्त

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का 20 क्विंटल गांजा जब्त किया है। तस्करों ने इस बार गांजा की खेप को बस के जरिए ले जाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चाल सफल नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, मामला जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके का है। यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस की जांच की।
बताया जा रहा है कि नीलम ट्रांसपोर्ट की बस अंबिकापुर से मध्यप्रदेश के कटनी की ओर जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने बस में रखी टोकरी और झाड़ू के सामान की तलाशी ली। इसी दौरान झाड़ू के नीचे छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 20 क्विंटल गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में डायल 112 की टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और सूचना तंत्र की सक्रियता के कारण इतनी बड़ी खेप को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं। कभी ट्रकों में छिपाकर तो कभी सामान्य यात्री वाहनों का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार को अंजाम दिया जाता है। हालांकि पुलिस भी ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है।
फिलहाल मामले में गांजा की खेप भेजने और मंगाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं और गांजा कहां से लाया गया था।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



