रायगढ़ में भीषण सड़क हादसा: दो कोयला लदे ट्रेलरों की टक्कर, आग में जिंदा जला चालक

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम झिंकाबहाल के पास दो कोयला लदे ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों ट्रेलरों से तेज धमाके जैसी आवाज आई और कुछ ही मिनटों में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि एक चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। तमनार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक, एक कोयला लदा ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से डोंगामौआ की ओर जा रहा था। वहीं दूसरा ट्रेलर ओडिशा की दिशा से किसी पावर प्लांट की ओर जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच जारी है।
आग बुझने के बाद पुलिस ने मृत चालक के शव को बाहर निकाला। शव पूरी तरह झुलस जाने के कारण उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है।
इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को बहाल कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
रायगढ़ जिले में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


