बेमेतरा में 21 जोड़े बंधे विवाह बंधन में, मुख्यमंत्री साय ने दी नर्सिंग कॉलेज की सौगात

बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। सामाजिक परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित इस समारोह में 21 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की बड़ी घोषणा भी की।

समारोह में नवदंपतियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने सभी जोड़ों को सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया है। इससे बेटियों के विवाह में परिवारों को आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण पारंपरिक बैलगाड़ी बारात रही। लोक संस्कृति से जुड़े इस अनूठे आयोजन ने लोगों का ध्यान खींचा। जनप्रतिनिधियों, परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ बारात में हिस्सा लिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सामूहिक विवाह के माध्यम से सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। ऐसे आयोजन समाज में अनावश्यक खर्च कम करने और समानता की भावना मजबूत करने में मददगार साबित होते हैं।
मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना को देखते हुए आशीर्वाद समारोह को बेसिक स्कूल ग्राउंड से पुराने रेस्ट हाउस परिसर में स्थानांतरित किया गया। यहां मुख्यमंत्री ने नवदंपतियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


