योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, CM विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai उनके रायपुर स्थित कबीर नगर निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गृहमंत्री Vijay Sharma और वन मंत्री Kedar Kashyap भी मौजूद रहे।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका वर्षों पुराना संबंध था। वे लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहे और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जाना भाजपा संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद भाजपा ने अपना प्रस्तावित “पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान” भी स्थगित कर दिया है। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बिलासपुर के तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम भवन में आयोजित होना था। पार्टी नेताओं ने कहा कि शोक के कारण कार्यक्रम को फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है।
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय थे। योग और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती थी। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है।



