सहारनपुर में भारी बवाल: मंदिर के पुजारी पर केस दर्ज होने के बाद भड़का समाज, SSP दफ्तर के बाहर किया हनुमान चालीसा का पाठ

सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर में एक मंदिर के पुजारी पर केस दर्ज होने के बाद माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। चकलापुरी मंदिर के पुजारी विजय शास्त्री पर पॉक्सो (POCSO Act) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके विरोध में ब्राह्मण समाज और सवर्ण समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। लोगों ने एसएसपी दफ्तर (SSP Office Saharanpur) का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

भीम आर्मी (Bhim Army) के विरोध में हुए इस प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
एसएसपी दफ्तर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने भगवा दुपट्टा पहनकर एसएसपी कार्यालय के बाहर ही सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। माहौल को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया। भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का सीधा आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई एक सोची-समझी साजिश है।
‘मंदिर की जमीन पर कब्जे की है साजिश’
प्रदर्शन में शामिल पुजारियों और सवर्ण समाज के नेताओं ने कहा कि 45 साल के पुजारी बेकसूर हैं। मंदिर की कीमती जमीन पर कब्जा करने के लिए यह झूठा मुकदमा लिखवाया गया है।
उनका कहना है कि पीड़ित बच्ची अक्सर मंदिर में खेलने आती थी और पुजारी उसे सिर्फ प्रसाद देते थे। इस मामले के विरोध में सहारनपुर के कई बड़े मंदिरों के कपाट भी बंद रखे गए।
भीम आर्मी पर वसूली का गंभीर आरोप
मंच से बोलते हुए प्रदर्शनकारियों ने भीम आर्मी पर तीखा हमला बोला। आरोप लगाया गया कि कुछ लोग साजिश के तहत झूठे केस दर्ज कराते हैं और फिर फैसले के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं। सवर्ण समाज ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अगर दबाव में आकर कोई एकतरफा कार्रवाई हुई, तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच (fair investigation) का आश्वासन दिया है।



