छत्तीसगढ़ में गुटबाजी को लेकर कांग्रेस पर बरसे मंत्री खुशवंत साहेब, बोले- ‘भारत जोड़ने’ से पहले खुद को जोड़ ले विपक्ष

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष (Congress State President) पद को लेकर मचे घमासान पर सियासत गरमा गई है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही जुबानी जंग पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तीखा तंज कसा है। राजधानी रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस के भीतर कई गुट चल रहे हैं। कभी सिंहदेव गुट, कभी दीपक बैज गुट तो कभी भूपेश गुट सामने आता है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, कांग्रेस में सिर्फ ‘कुर्सी तोड़ कार्यक्रम’ (Internal Conflict) शुरू हो जाता है।
पहले अपनी पार्टी तो जोड़ लें (Political Statement Chhattisgarh)
मंत्री खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग अपने राजनीतिक परिवार को नहीं संभाल पा रहे हैं, वे देश संभालने और ‘भारत जोड़ो’ (Bharat Jodo) जैसी बातें करते हैं। उन्हें पहले अपनी बिखरी हुई पार्टी को एक साथ जोड़ लेना चाहिए। कांग्रेस नेताओं के पास न कोई स्पष्ट विचारधारा है और न ही जनता के विकास की कोई सोच। इनका एकमात्र मकसद सिर्फ भ्रष्टाचार करना और अपनी जेबें भरना है।
सीएम साय लाते हैं सौगात, कांग्रेस खुद को संभाले (CM Vishnu Deo Sai Delhi Visit)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि सीएम साय जब भी दिल्ली (Delhi Visit) जाते हैं, तो प्रदेश की उन्नति और विकास के प्रोजेक्ट्स लेकर जाते हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर छत्तीसगढ़ की जनता के लिए नई सौगातें लाते हैं। वहीं, भाजपा के आगामी जनसंपर्क अभियान पर उन्होंने कहा कि राज्य में चारों तरफ ‘सुशासन तिहार’ चल रहा है और जन चौपाल के जरिए सरकार सीधे जनता से जुड़ रही है।
पेट्रोल-डीजल के दामों पर दिया वैश्विक हवाला (Petrol Diesel Prices Issue)
विपक्ष द्वारा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों (Fuel Price Hike) पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को समझना चाहिए। दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसे हालात होने के बाद भी भारत में कीमतें नियंत्रण में हैं। पीएम मोदी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि आम जनता पर महंगाई का ज्यादा बोझ न पड़े। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के जिला प्रशिक्षण शिविर (BJP Training Camp) को पार्टी की मजबूत सांगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया।



