बस्तर में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की बड़ी बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होने जा रही है। इस अहम बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ समेत मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। बैठक को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के जरिए परिषद में उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों और तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह परिषद राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और विकास को बढ़ावा देने का मजबूत मंच बन चुकी है। खास बात यह है कि इस परिषद के सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो सहयोग और एकता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की हर व्यवस्था समय पर और बेहतर तरीके से पूरी की जाए। सुरक्षा, आवागमन, आवास और बैठक स्थल से जुड़ी तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला बस्तर अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। यहां शांति और विकास का नया माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। इसके चलते अब बस्तर में विकास और निवेश की नई संभावनाएं बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक बस्तर और पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति देने का काम करेगी।


