सुशासन तिहार में अड़ेंगा शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का बड़ा मंच, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बांटी सौगातें

कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम अड़ेंगा में शुक्रवार को आयोजित सुशासन तिहार-2026 का शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ। शिविर में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कांकेर सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से जुड़े कुल 210 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर ही कई मामलों का निराकरण भी किया गया। मंत्री देवांगन ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ सामग्री वितरित की। साथ ही करीब 1 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 31 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं 10वीं और 12वीं के पांच मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 25 हितग्राहियों को मकान की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, लखपति दीदी प्रमाण पत्र, डिजिटल किसान कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग की ओर से चार मोटराइज्ड साइकिलें दी गईं। वहीं उद्यानिकी विभाग ने 200 पौधों का वितरण किया। स्वास्थ्य विभाग ने 128 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। मत्स्य पालन विभाग ने हितग्राहियों को मत्स्य जाल उपलब्ध कराया।
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना है।
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में जनता की भागीदारी जरूरी है। विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि सरकार बस्तर के दूरस्थ इलाकों तक सड़क, स्वास्थ्य और विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।


