प्रशासनिक दक्षता का सम्मान: मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

रायपुर, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के त्वरित निराकरण और कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए दिया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था से कामकाज में पारदर्शिता और गति दोनों आई हैं। इससे निर्णय प्रक्रिया भी तेज हुई है। उन्होंने कहा कि समय की पाबंदी और बेहतर कार्य संस्कृति प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है। उन्होंने अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग में समाज कल्याण विभाग ने पहला स्थान हासिल किया। गृह विभाग दूसरे और परिवहन विभाग तीसरे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत श्रेणी में संयुक्त और अपर सचिव वर्ग में आदिम जाति विकास विभाग के भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम रहे। अल्पसंख्यक विकास विभाग के अनुपम त्रिवेदी दूसरे और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिदानंद आलोक तीसरे स्थान पर रहे।
उप सचिव श्रेणी में वन विभाग के दूरदेशी राम सोन्टापर को पहला स्थान मिला। वहीं गृह विभाग के रामप्रसाद चौहान को तीसरा स्थान मिला। अवर सचिव श्रेणी में विधि विभाग के अरुण कुमार मिश्रा प्रथम रहे।
अनुभाग अधिकारी वर्ग में नंदकुमार मेश्राम को पहला, भोलेनाथ सारथी को दूसरा और पी. नागराजन को तीसरा स्थान मिला।
सचिवालय सहायक और तकनीकी श्रेणी में सहायक अनुभाग अधिकारी रेखा देवांगन, वरिष्ठ सचिवालय सहायक दौलतराम वर्मा, कनिष्ठ सचिवालय सहायक प्रमोद कुमार और डाटा एंट्री ऑपरेटर माया देवांगन को सम्मानित किया गया।
समयबद्ध उपस्थिति श्रेणी में कांति सूर्यवंशी प्रथम रहीं। रमाकांत, आराधना साहू समेत कई कर्मचारियों को भी बेहतर उपस्थिति के लिए सराहा गया।
इस कार्यक्रम को मंत्रालय में बेहतर कार्य संस्कृति और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।



