बालोद में बड़ा हादसा, सीवरेज पाइपलाइन खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, तीन मजदूरों की मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूर जिंदा दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला मजदूर भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना का काम चल रहा था। मजदूर नाली और पाइपलाइन की खुदाई में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव टीम ने मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
कांकेर लोकसभा सांसद Bhojraj Nag भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और मामले की जांच की बात कही।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के बाद निर्माण कार्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कामों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।



