ईरान की खुली चेतावनी, दोबारा हमला हुआ तो 90% तक करेगा यूरेनियम संवर्धन

तेहरान। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को बड़ी चेतावनी दी है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा है कि अगर ईरान पर फिर हमला हुआ तो देश यूरेनियम को 90 फीसदी तक संवर्धित कर सकता है। यह स्तर परमाणु हथियार बनाने के लिए उपयुक्त माना जाता है।

इब्राहिम रेजाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दोबारा हमला होने की स्थिति में संसद 90% यूरेनियम संवर्धन पर विचार कर सकती है। उनके इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
दरअसल, पिछले जून में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि 12 दिन तक चले हमलों में ईरान के परमाणु केंद्र पूरी तरह तबाह हो गए। हालांकि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ईरान के पास मौजूद करीब 400 किलोग्राम 60% संवर्धित यूरेनियम अब भी बड़ा खतरा बना हुआ है।
फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच सबसे बड़ा विवाद परमाणु कार्यक्रम को लेकर ही है। अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार को देश से बाहर भेजे और घरेलू स्तर पर यूरेनियम संवर्धन बंद करे। वहीं ईरान इस मुद्दे पर दबाव मानने को तैयार नहीं दिख रहा।
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अमेरिका के पास ईरान के 14 सूत्रीय प्रस्ताव को स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि देरी का खामियाजा अमेरिकी टैक्सपेयर्स को भुगतना पड़ेगा।
गालिबाफ ने यह भी कहा कि ईरानी सेना हर तरह के जवाब के लिए तैयार है और किसी भी नए हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।
फिलहाल दोनों देशों के बीच अस्थायी सीजफायर लागू है, लेकिन हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।



