NEET-UG पेपर लीक का नासिक कनेक्शन: यहीं आई थी पहली कॉपी, हरियाणा तक फैला जाल

Nasik Crime News: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस बार पेपर लीक का मुख्य केंद्र महाराष्ट्र का नासिक रहा है। जानकारी के मुताबिक, लीक हुए पेपर की पहली डिजिटल कॉपी नासिक में ही सामने आई थी। अब इस मामले के तार राजस्थान से लेकर हरियाणा और उत्तराखंड तक जुड़ते दिख रहे हैं।
नासिक में मिली पहली कॉपी, मोबाइल और लैपटॉप खंगाल रही पुलिस
जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि परीक्षा से पहले जो प्रश्नपत्र लीक हुआ, उसे सबसे पहले नासिक में ही शेयर किया गया था। जांच एजेंसियां अब उन सोशल मीडिया ग्रुप्स और डिजिटल चैनलों की कुंडली खंगाल रही हैं, जिनके जरिए यह पेपर फैला। नासिक से कई मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
मास्टरमाइंड मनीष का जयपुर से कनेक्शन
इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड जयपुर से गिरफ्तार मनीष को बताया जा रहा है। जांच में पता चला है कि मनीष ने पेपर छपने से पहले ही ‘गेस पेपर’ के नाम पर सवालों का जुगाड़ कर लिया था। ताज्जुब की बात यह है कि इस गेस पेपर के 100 से ज्यादा सवाल असली परीक्षा के पेपर से हूबहू मिल गए। राजस्थान की SOG और केंद्रीय एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि आखिर मनीष के पास ये सवाल पहुंचे कैसे?
कोचिंग और दलालों का बड़ा नेटवर्क
यह मामला सिर्फ एक शहर का नहीं है। पुलिस को शक है कि इसमें कई राज्यों के कोचिंग सेंटर, बड़े दलाल और तकनीकी एक्सपर्ट शामिल हैं। जांच के मुताबिक, राजस्थान के एक पीजी (PG) छात्र ने सबसे पहले पेपर बाहर निकाला। इसके बाद इसे देश के अलग-अलग हिस्सों में लाखों रुपयों में बेचा गया। हरियाणा में भी इस गैंग के कई गुर्गे सक्रिय बताए जा रहे हैं।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
देशभर के लाखों छात्र इस परीक्षा के लिए सालों मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक की खबरों ने उन्हें डरा दिया है। फिलहाल कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी मनीष से मिले सुरागों के आधार पर नासिक और हरियाणा में छापेमारी जारी है। उम्मीद है कि जल्द ही इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हो जाएगा।


