रायपुर में सनसनीखेज लूट: फल कारोबारी को परिचित ने ही घेरा, बंदूक दिखाकर लूटे हजारों रुपये

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मौदहापारा इलाके का है, जहां देर रात एक फल विक्रेता से सरेराह लूट की वारदात हुई। हैरानी की बात यह है कि लूट करने वाला कोई अनजान नहीं, बल्कि पीड़ित के पिता का पुराना परिचित निकला। आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में युवक को बातों में उलझाया और फिर हथियार दिखाकर कैश लूटकर फरार हो गए।
बातों में उलझाकर ले गए सूनसान गली में
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बॉम्बे मार्केट में फलों का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान बढ़ाकर घर की ओर निकल रहा था। उसके पास दिनभर की बिक्री के 36,600 रुपये थे। जैसे ही वह तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे राजा बैझड़ ने उसे रोक लिया। राजा के साथ तीन और साथी भी थे जो बाइक और एक्टिवा पर सवार थे।
राजा बैझड़, शाहिल के पिता का पुराना जान पहचान वाला था, इसलिए शाहिल को उस पर शक नहीं हुआ। राजा ने उसे ‘अल्ताफ का घर’ पूछने के बहाने बातों में फंसाया और बातों-बातों में उसे फिरोज कबाड़ी वाली गली की ओर ले गया।
गला दबाया और सिर पर तान दी बंदूक
जैसे ही शाहिल सूनसान जगह पर पहुंचा, चारों आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से शाहिल का गला दबोच लिया ताकि वह शोर न मचा सके, वहीं बाकी साथियों ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद राजा बैझड़ और उसके साथियों ने चाकू और बंदूक निकाल ली। मौत का डर दिखाकर उन्होंने शाहिल की जेब में रखे पूरे 36,600 रुपये निकाल लिए और अपनी गाड़ियों पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस की रडार पर आरोपी
घटना के बाद घबराया हुआ शाहिल किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों के भागने के रास्ते का पता चल सके। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर रात के समय व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



