सक्ती में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ASI, ACB की बड़ी कार्रवाई

सक्ती। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी एक मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके और परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट मामले में राहत देने के बदले ASI ने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी जांच में शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये की एक किश्त ले चुका था और बाकी रकम लेने वाला था।
शनिवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। प्रार्थी ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में बुलाया। जैसे ही ASI ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
एसीबी को आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें भी मिल रही थीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।



