इंदौर में कुल्फी फैक्ट्री पर खाद्य विभाग का छापा: गंदगी के बीच बन रहा था फ्रोजन डेजर्ट, बिना लाइसेंस चल रहा था काम

इंदौर मिलावटखोरों और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धार रोड स्थित एक कुल्फी फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यह फैक्ट्री बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। अधिकारियों ने मौके पर स्वच्छता मानकों की भारी अनदेखी पाई, जिसके बाद फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया गया है।
फैक्ट्री के भीतर के हालात बेहद चौंकाने वाले थे। जांच टीम ने देखा कि कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट बनाने वाले कर्मचारी बिना ग्लव्स और एप्रोन के काम कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब कुल्फी के सांचे सीधे गंदे फर्श पर रखे हुए मिले। साफ-सफाई का अभाव और असुरक्षित तरीके से खाद्य पदार्थ तैयार करना सीधे तौर पर आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ है। विभाग ने इस लापरवाही को गंभीर उल्लंघन मानते हुए उत्पादन पर रोक लगा दी है।
कार्यवाही के दौरान टीम ने कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट के कुल 8 नमूने जब्त किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले दो दिनों में विभाग ने शहर के विभिन्न इलाकों से कुल 29 सैंपल लिए हैं, जो यह दर्शाता है कि खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है। इंदौरवासियों की सेहत सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



