सीजी बोर्ड पेपर लीक कांड: फरार आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित, 10 अप्रैल को दोबारा हुई थी परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी पेपर लीक मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए फरार आरोपी वेणु जंघेल पर 5,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा कर दी है। सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नरेट ऑफ पुलिस उमेश गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार आरोपी 14 मार्च से लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा है और उसका इस तरह बाहर घूमना समाज के लिए खतरा माना जा रहा है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर प्रश्नपत्र वायरल होने की पुष्टि के बाद 14 मार्च को हुई परीक्षा को रद्द करना पड़ा था जिसके चलते लाखों छात्रों को 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी थी।
एनएसयूआई के हंगामे के बाद एक्शन में आई साइबर सेल और पुलिस
इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा जब छात्र संगठन एनएसयूआई ने पेपर लीक के साक्ष्यों के साथ माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव किया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने सिटी कोतवाली थाने में विधिवत एफआईआर दर्ज कराई जिसके बाद साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की कमर तोड़ने में जुट गई है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि आरोपी की सूचना देने वाले या उसे गिरफ्तार करवाने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत किया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। फिलहाल विभाग इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रहा है कि इस पेपर लीक सिंडिकेट में और कितने रसूखदार चेहरे शामिल हैं।



