सस्ता सफर, तेज कनेक्टिविटी और आम यात्रियों को बड़ी राहत, मोदी हरी झंडी दिखाएंगे, बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेनें शुरू

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बनारस से अमृत भारत एक्सप्रेस की दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जो बनारस-पुणे (हड़पसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलेंगी।
दोनों ट्रेनें पूरी तरह नॉन एसी होंगी, लेकिन आधुनिक सुविधाओं से लैस रहेंगी और खासतौर पर निम्न व मध्यम आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
बनारस-पुणे ट्रेन प्रतिदिन चलेगी और करीब 29 घंटे 50 मिनट में सफर पूरा करेगी, जबकि अयोध्या-मुंबई ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी और लगभग 28 घंटे में गंतव्य तक पहुंचाएगी।
इस पहल से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्रियों को महाराष्ट्र से सीधी और सस्ती कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे रोजगार, शिक्षा और तीर्थ यात्रा के अवसर बढ़ेंगे।
काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक पहुंच आसान होने से धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आधुनिक सुविधाएं, मजबूत सुरक्षा और एमपी-यूपी को आर्थिक फायदा
ट्रेनों में जनरल और स्लीपर कोच के साथ दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था, बेहतर सीट-बर्थ डिजाइन, मोबाइल चार्जिंग, उन्नत शौचालय और बेहतर रोशनी जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी टॉक बैक सिस्टम, फायर सेफ्टी और पूरी तरह बंद गैंगवे जैसी आधुनिक तकनीक जोड़ी गई है।
पुश-पुल तकनीक के चलते दोनों ओर इंजन होंगे, जिससे यात्रा तेज, स्मूथ और झटकों से मुक्त होगी। बनारस-पुणे रूट से वाराणसी, प्रयागराज और झांसी सीधे जुड़ेंगे, जिससे छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा मिलेगा और स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे।
भोपाल, इटारसी और नर्मदापुरम जैसे मध्य प्रदेश के बड़े शहर भी इस कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे, जिससे किसानों और व्यापारियों को महाराष्ट्र के बाजारों तक सस्ती और तेज पहुंच मिलेगी। अयोध्या-मुंबई ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना और जबलपुर होते हुए चलेगी, जिससे लाखों प्रवासी मजदूरों को सीधी और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।




