सरकारी सिस्टम में मनमानी का अंत: ड्यूटी में लापरवाही और गुंडागर्दी पर बड़ा एक्शन

राजनांदगांव। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में तैनात रेडियोग्राफर भोज कुमार साहू की तानाशाही और काम में घोर लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव से प्राप्त गंभीर शिकायतों और जांच प्रतिवेदन के बाद यह कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है। आरोपी कर्मचारी द्वारा न केवल अपने पदीय दायित्वों की अनदेखी की जा रही थी बल्कि शासकीय कार्यों में लगातार व्यवधान डालने की कोशिशें भी की जा रही थीं।
भारी पड़ी अनुशासनहीनता और अधिकारियों से बदतमीजी
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रेडियोग्राफर भोज कुमार साहू न केवल काम में चोरी कर रहे थे बल्कि उनका व्यवहार भी उच्च अधिकारियों के प्रति बेहद अपमानजनक और अनुचित था। उन पर असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और स्वेच्छाचारिता के गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं। यह पूरा कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का सीधा उल्लंघन है जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन जिला दुर्ग तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।



