रायपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव का बड़ा एक्शन: धमतरी ईई सस्पेंड, अवैध प्लॉटिंग और पेयजल संकट पर अफसरों को दी सख्त चेतावनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगर निगमों और पालिकाओं की मैराथन बैठक लेकर लापरवाह अफसरों की क्लास लगाई। पेयजल योजना के काम में लेटलतीफी को लेकर उन्होंने धमतरी के कार्यपालन अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाने का आदेश जारी कर दिया है।
अवैध निर्माण पर नकेल और सितंबर तक पीएम आवास पूरा करने का अल्टीमेटम
दरअसल उप मुख्यमंत्री ने शहरों में बढ़ती अवैध प्लॉटिंग और पानी की किल्लत पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को दो टूक कहा है कि केवल बजट खर्च करना मकसद नहीं होना चाहिए बल्कि समस्याओं का स्थाई समाधान निकालें। गौरतलब है कि बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी अपूर्ण मकानों को सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए और बरसात से पहले ड्रेनेज की सफाई सुनिश्चित हो।
जून के पहले हफ्ते में राज्य स्तरीय टीम शहरों का भौतिक निरीक्षण करेगी और गड़बड़ी मिलने पर सीधे स्वास्थ्य अधिकारियों और इंजीनियरों पर गाज गिरेगी। मंत्री साव ने स्पष्ट किया कि निकायों की छवि सुधारने के लिए अधिकारियों को नई कार्य पद्धति अपनानी होगी और काम की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



