रायपुर के मधुशाला बार में खूनी संघर्ष: कार सवार युवक ने व्यापारी के सिर पर फोड़ी बीयर की बोतल, रायपुरा चौक पर मची अफरातफरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के रायपुरा चौक पर स्थित मधुशाला बार में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक रसूखदार कार सवार युवक ने बार के भीतर घुसकर एक किराना व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया। दरअसल जामगांव निवासी संदीप अग्रवाल अपने दोस्त के साथ बार पहुंचे थे तभी चंगोराभाठा के रहने वाले हर्ष शुक्ला ने तेज रफ्तार कार उनके पास रोककर विवाद शुरू कर दिया और बाद में फ्रिज से बीयर की बोतल निकालकर सीधे सिर पर दे मारी।
चंगोराभाठा के आरोपी ने मचाया उत्पात पुलिस ने शुरू की तलाश
गौरतलब है कि यह वारदात रात करीब साढ़े ग्यारह बजे की है जब संदीप और उनके दोस्त अनिवेश प्रताप सिंह बार के बाहर खड़े थे। आरोपी हर्ष शुक्ला ने अपनी कार से उतरकर गाली-गलौज शुरू की और जब पीड़ित जान बचाने के लिए बार के भीतर भागे तो आरोपी ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा।
हमले के दौरान संदीप का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा जिसके बाद बीच-बचाव के चलते आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की जा रही है।



