ChhattisgarhKorba
कोरबा में मौत का टैंक फटा: फैक्ट्री में धमाके के बाद फैला गर्म लावा, बाल-बाल बचे दर्जनों मजदूर

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब केमिकल से भरा एक विशाल टैंक अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया।
इस भीषण विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में चारों तरफ खौलता हुआ गर्म लावा और जहरीला धुआं फैल गया जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई मजदूर सीधे टैंक की चपेट में नहीं आया वरना सक्ती जिले के वेदांता प्लांट जैसी बड़ी जनहानि तय थी।
सूचना मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला और पानी के साथ फायर फोम का छिड़काव कर धधकते केमिकल को शांत किया।
धमाके के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की गंभीर लापरवाहियां उजागर हुई हैं जहां सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बाहर से टैंकरों के जरिए लिक्विड केमिकल मंगाया और स्टोर किया जा रहा था। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को ठेंगा दिखाकर संचालित हो रही इस फैक्ट्री के बाहर किसी प्रकार का साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया है जिससे इसकी गतिविधियों पर शुरू से ही संदेह बना हुआ है। फायरमैन धर्मेंद्र कुमार पटेल के अनुसार टीम ने दो टैंकरों की मदद से स्थिति पर काबू पाया लेकिन टैंक फटने के पीछे की तकनीकी वजह और सुरक्षा में चूक की जांच अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।




