लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने पर भड़की भाजपा: रायपुर की सड़कों पर उतरा जनआक्रोश, विपक्ष के खिलाफ आर-पार की जंग

महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित न हो पाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर में विशाल जनआक्रोश रैली निकालकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की अगुवाई में निकली यह पदयात्रा बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम में एक बड़ी सभा में तब्दील हो गई जहां नेताओं ने इंडी महागठबंधन को सीधे तौर पर महिला विरोधी करार दिया।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन महिलाओं के उस गुस्से का प्रतीक है जो विपक्ष द्वारा उनके अधिकारों में अड़ंगा लगाने के कारण पैदा हुआ है।
संसद के विशेष सत्र में पेश किए गए इस संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े लेकिन आवश्यक 352 मतों का आंकड़ा न जुटने के कारण यह ऐतिहासिक प्रस्ताव गिर गया जिसके बाद भाजपा ने चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
इस प्रस्ताव में लोकसभा सीटों की संख्या को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था जिसे विपक्ष ने मतदान के दौरान विफल कर दिया। अब इस हार के विरोध में भाजपा 23 और 24 अप्रैल को महिला सम्मेलन आयोजित करेगी जबकि 26 और 27 अप्रैल को पूरे प्रदेश के मंडल स्तर पर विपक्ष का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।।



