रायपुर में भड़का ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ का विरोध: विहिप और बजरंग दल ने सड़क पर उतरकर फूंका पुतला

राजधानी रायपुर में नाशिक की टीसीएस कंपनी से जुड़े कथित कॉर्पोरेट जिहाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी समेत कई हिंदू संगठनों ने इस मुद्दे पर उग्र प्रदर्शन करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप है कि कॉर्पोरेट जगत की आड़ में हिंदू महिलाओं पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाया जा रहा है और बात न मानने पर उन्हें नौकरी से निकालने जैसी धमकियां दी जा रही हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
संगठनों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को तत्काल चिह्नित कर उन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। साथ ही सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटाने और जनजातीय क्षेत्रों में शोषण रोकने के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र की मांग की गई है। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि हिंदू समाज की सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाली इन गतिविधियों पर नकेल नहीं कसी गई, तो आने वाले समय में आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।



