नारी शक्ति वंदन: मुख्यमंत्री साय ने सुना पीएम मोदी का संबोधन, महिला जनप्रतिनिधियों के साथ की चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े राष्ट्र के नाम संबोधन को सुना। इस अवसर पर उनके साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और रायपुर महापौर मीनल चौबे समेत कई वरिष्ठ महिला जनप्रतिनिधि मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक कदम की सराहना करते हुए इसे देश की आधी आबादी के लिए स्वर्णिम युग की शुरुआत बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवास में महिला बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। संबोधन के उपरांत मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिला प्रतिनिधियों से चर्चा की और प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम न केवल महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाएगा, बल्कि उनके नेतृत्व क्षमता को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करने के लिए संकल्पित है।



