सचिन तेंदुलकर का बस्तर दौरा तय, छिंदनार में बच्चों संग खेलेंगे क्रिकेट

रायपुर। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा दौरे पर रहेंगे, जहां वह अबूझमाढ़ से सटे इंद्रावती नदी किनारे बसे ग्राम छिंदनार में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे।
दौरे का फोकस और कार्यक्रम
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। तेंदुलकर फाउंडेशन ने पहले ही क्षेत्र में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों को प्रशिक्षण देने की पहल शुरू की थी, खासकर उस समय जब बस्तर नक्सल प्रभावित था। अब हालात बेहतर होने के बाद सचिन का यह दौरा स्थानीय स्तर पर बड़ा संदेश माना जा रहा है।
हालिया गतिविधियां और फाउंडेशन का काम
हाल ही में तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम छत्तीसगढ़ के दौरे पर आई थी, जहां गनियारी स्थित जन स्वास्थ्य सहयोग और अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुदूर गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया। डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने भी बिलासपुर और वनांचल क्षेत्रों में बच्चों और स्थानीय समुदाय से संवाद कर जमीनी स्थिति को समझा।



