महासमुंद में नशे के सौदागरों को तगड़ा झटका: 5 करोड़ का 10 क्विंटल गांजा आग के हवाले, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में पुलिस ने एक साथ 18 मामलों के अवैध माल को किया खाक
महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी युद्ध में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य के 10 क्विंटल गांजे को नष्ट कर दिया है। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 18 मामलों में जब्त कुल 999.200 किलो अवैध गांजे को बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में पूरी कानूनी प्रक्रिया के साथ जलाकर खाक किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई जिसमें पुलिस अधीक्षक और आबकारी अधिकारी स्वयं मौजूद रहे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस नष्टीकरण में कोमाखान, बसना, सांकरा, सिंघोड़ा और पिथौरा थानों में जब्त माल शामिल था। विशेष बात यह है कि पुलिस ने पिछले एक सप्ताह के भीतर करीब 20 क्विंटल गांजा नष्ट किया है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नष्ट किया गया गांजा करीब 1 लाख पुड़िया के बराबर था जिसे ठिकाने लगाकर बड़ी संख्या में युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाया गया है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार भौतिक सत्यापन के बाद इस पूरी खेप का अस्तित्व मिटा दिया गया।



