रायपुर में पुलिस की तत्परता से बची जान: ग्रीन कॉरिडोर के जरिए एम्स से बालाजी अस्पताल तक महज 15 मिनट में पहुंची किडनी

रायपुर. राजधानी रायपुर में मानवता और प्रशासनिक सक्रियता की एक मिसाल पेश की गई है। पेंड्रा निवासी एक मरीज के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए रायपुर पुलिस ने एम्स से श्रीबालाजी अस्पताल तक अभूतपूर्व ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के निर्देश पर यातायात पुलिस ने व्यस्ततम रास्तों को पूरी तरह खाली कराकर एम्बुलेंस. के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित किया।
दोपहर 2:02 बजे एम्स से निकली एम्बुलेंस ने जीई रोड, मोहबा बाजार, आमापारा और एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख चौराहों को पार करते हुए मात्र 15 मिनट में अपना सफर तय किया और 2:17 बजे अस्पताल पहुंच गई। इस त्वरित कार्रवाई के कारण उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी डोनर सुनील कुमार द्वारा दान की गई किडनी को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका और मरीज का ऑपरेशन सफल रहा। रायपुर यातायात पुलिस के इस उत्कृष्ट तालमेल और समयबद्ध निष्पादन की चारों ओर सराहना हो रही है।



