बालोद में पागल कुत्ते का आतंक: चार साल के मासूम को 17 जगहों पर काटा, आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट-पीटकर मारा

बालोद। जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चिल्हाटीखुर्द में एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने राहगीरों और मवेशियों के साथ-साथ एक चार साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर पीट-पीटकर मार डाला।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ समय से एक पागल कुत्ता घूम रहा था, जिसने पहले कई मवेशियों को अपना निशाना बनाया। इसके बाद उसने सड़क से गुजर रहे राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब गांव में खेल रहे एक चार साल के मासूम बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर दिया और उसे करीब 17 जगहों पर बुरी तरह काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया।
पागल कुत्ते के लगातार बढ़ते हमलों और मासूम की गंभीर स्थिति को देखकर ग्रामीणों का सब्र टूट गया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। घायल बच्चे का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।



