निर्माण कार्य के चलते 17 और 19 अप्रैल को चार ट्रेनें रद्द, मेमू सेवाएं प्रभावित

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में निर्माण कार्य के चलते 17 और 19 अप्रैल को चार ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इस दौरान बिलासपुर और रायपुर के बीच चलने वाली मेमू लोकल ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर जोन में तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य जारी है। इसी क्रम में निपनिया-भाटापारा सेक्शन में अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। कार्य के लिए ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
17 और 19 अप्रैल को गाड़ी संख्या 68861 और 68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर भी रद्द रहेगी।
रेलवे ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग करने की सलाह दी है।



