सक्ती वेदांता हादसा: मृतकों की संख्या 20 हुई, जांच तेज

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। प्रशासन की ओर से जारी ताजा सूची के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में 5 लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मृतक अन्य राज्यों से हैं। हादसे में घायल 15 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज के लिए 5 एयर एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर करने के लिए भी व्यवस्था की गई है। घटना के बाद जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कलेक्टर और एसपी ने बुधवार को भी हादसे स्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मृतकों के शवों को गृहग्राम भेजने की प्रक्रिया जारी है। सक्ती जिले के 3 मृतकों में से 2 का आज अंतिम संस्कार किया गया। अन्य राज्यों के मृतकों के शवों को उनके गृहग्राम भेजने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए सहायता राशि और नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी मुआवजे की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर दुख जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया गया है।



