नगरीय निकाय चुनाव से पहले भाजपा की तैयारी तेज, कोर ग्रुप बैठक में बनी रणनीति

भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
मंगलवार शाम मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर मंथन किया गया। साथ ही सत्ता और संगठन के बेहतर समन्वय पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि पार्टी मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का प्रशिक्षण करेगी। इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह कोर ग्रुप की पहली बैठक थी और आने वाले समय में इस तरह की और बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि चुनाव की तैयारी को और धार दी जा सके।



