मुंगेली में धान खरीदी घोटाला, प्रभारी पर 2.54 करोड़ के गबन का आरोप, FIR दर्ज

मुंगेली। जिले के हथनीकला धान खरीदी केंद्र में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। केंद्र प्रभारी विक्रम सिंह राजपूत पर करीब 2.54 करोड़ रुपए के धान गबन का आरोप लगा है। सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह शिकायत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा मुंगेली के पर्यवेक्षक भरत लाल कौशिक ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभारी ने 8216.30 क्विंटल धान की हेराफेरी की, जिसकी कीमत 2 करोड़ 54 लाख 70 हजार 530 रुपए है।
कलेक्टर के निर्देश पर 30 मार्च 2026 को जांच टीम बनाई गई थी। टीम ने 8 अप्रैल को रिपोर्ट सौंपी। जांच में रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद धान में बड़ा अंतर सामने आया। ऑनलाइन रिकॉर्ड में 9798.70 क्विंटल धान दर्ज था, जबकि मौके पर केवल 7534 क्विंटल ही मिला। इसके अलावा 682.30 क्विंटल का वजन भी कम पाया गया।
जांच में धान की किस्म में भी गड़बड़ी मिली। रिकॉर्ड में सरना धान अधिक दिखाया गया, जबकि मौके पर उसकी मात्रा बहुत कम पाई गई। वहीं मोटा धान अपेक्षा से ज्यादा मिला।
जांच के दौरान कई अनियमितताएं भी सामने आईं। बिना संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी के डेटा एंट्री और धान की लोडिंग की गई। सिस्टम में छेड़छाड़ के संकेत भी मिले हैं।
जांच के समय आरोपी पिछले कई दिनों से अनुपस्थित पाया गया। मोबाइल बंद मिला और नोटिस के बाद भी वह सामने नहीं आया। जवाब नहीं देने पर 13 अप्रैल को उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल हैं।


