ईडी कार्रवाई पर AAP का हमला, केंद्र पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

नई दिल्ली/चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने सांसद अशोक मित्तल पर हुई ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भाजपा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और इसका जवाब देगी।
पंजाब सरकार के मंत्रियों ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का उपयोग राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। इससे लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पहले की जांचों में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। यह सिर्फ दबाव बनाने की राजनीति है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस तरह के दबाव में नहीं आएगी और सच्चाई सामने आएगी।
कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी सुशासन के मुद्दों पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है, इसलिए एजेंसियों के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भाजपा की घबराहट को दिखाती है।



