धमतरी के नगरी में 25 से अधिक अवैध मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई, मचा हड़कंप
धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक मकानों को बुलडोजर से हटाया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नगरी के गोनदला नाला गांव में लंबे समय से अतिक्रमण किया जा रहा था। प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई, लेकिन कब्जाधारियों ने जमीन खाली नहीं की।
जमीन खाली नहीं करने पर वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा
अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



