वेदांता पावर प्लांट हादसा: 17 की मौत, 36 झुलसे; जांच के आदेश

रायपुर। सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। इनमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हुई, जबकि अन्य की अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान जान गई। हादसे में कुल 36 लोग झुलसे हैं, जिनमें से 18 का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, 6 घायलों की मौत रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, 5 की जिला अस्पताल रायगढ़ और 2 की रायपुर के निजी अस्पताल में हुई। अब तक चार मृतकों की पहचान ठंडाराम, पप्पू कुमार, अमृत लाल पटेल और उत्तर प्रदेश निवासी बृजेश कुमार के रूप में हुई है। अन्य की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद प्लांट के बाहर परिजनों ने हंगामा किया और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। कुछ मजदूरों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें सही जानकारी नहीं मिल रही है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को 15-15 लाख रुपये सहायता राशि देने की बात कही गई है।
प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है।



