आंखों के सामने आग का गोला बनी कार: महू में डीजे का काम कर रहे पिता की एक भूल और उजड़ गई दुनिया, मासूम ने तड़पकर तोड़ा दम

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कार में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के दौरान पिता मौके पर मौजूद था, लेकिन आग की तीव्रता के कारण वह बच्चे को बचा नहीं सका।
जानकारी के अनुसार यह हादसा महू के सिमरोल थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि संजय नामक व्यक्ति अपने चार वर्षीय बेटे को कार में बैठाकर पास में खड़े डीजे वाहन में काम करवा रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते कार में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी कार के करीब नहीं पहुंच सका। फायर ब्रिगेड और पुलिस के पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



