बीजापुर में खराब पड़े वाटर कूलर, गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रही जनता

बीजापुर। जिला मुख्यालय बीजापुर में आम जनता की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के मुख्य मार्गों और नए बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर पांच वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। हालांकि, रखरखाव के अभाव में सभी मशीनें अब बंद पड़ी हैं और कबाड़ में तब्दील होती नजर आ रही हैं। नया बस स्टैंड, सी-मार्ट, इंदिरा मार्केट, कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगे वाटर कूलर लंबे समय से अनुपयोगी हैं।
नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों ने बताया कि परिषद की बैठकों में कई बार इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं किया गया। इससे सरकारी संसाधनों की उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बंशीलाल नुरेटी ने बताया कि वाटर कूलर के कुछ आवश्यक उपकरणों की कमी थी, जिन्हें मंगाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी खराब मशीनों को दुरुस्त कर आम जनता के लिए चालू किया जाएगा।




