उज्जैन में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, 16 इमारतें ध्वस्त

उज्जैन। महाकाल मंदिर के समीप बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 इमारतों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा की गई, जिसमें उन भूखंडों को खाली कराया गया जो आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन उन पर नियम विरुद्ध व्यावसायिक निर्माण कर लिए गए थे।
प्रशासन ने बताया कि संबंधित प्रकरण में न्यायालय से स्टे समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में 42 अवैध इमारतों को हटाया जा चुका है।
कार्रवाई के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल, नगर निगम के कर्मचारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। आधा दर्जन से अधिक पोकलेन और बुलडोजर की सहायता से निर्माणों को गिराया गया।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन विकास प्राधिकरण के 45 आवासीय भूखंडों को अवैध रूप से विभाजित कर करीब 90 हिस्सों में व्यावसायिक निर्माण किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



