मथुरा में गौ-रक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद भारी बवाल, हाईवे जाम और पुलिस पर पथराव

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौ-रक्षक बाबा चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की सड़क हादसे में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की है। मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बाबा चंद्रशेखर कथित गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध वाहन को रोका, जो नागालैंड नंबर का बताया जा रहा है। घने कोहरे के बीच पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसएसपी ने इसे हादसा बताया है और कहा कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है, जो खुद भी घायल है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों और गौ-रक्षकों का आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-आगरा हाईवे पर जमा हो गए और जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और हालात तब बिगड़ गए जब भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।
बाबा चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को कोसी से आंजनौख स्थित गौशाला लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उनके निधन से ब्रज क्षेत्र में शोक की लहर है।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।



