दिव्यांका त्रिपाठी के घर आने वाला है नन्हा मेहमान: शादी के 10 साल बाद एक्ट्रेस ने साझा की गुड न्यूज

मुंबई। टेलीविजन अभिनेत्री Divyanka Tripathi ने नवरात्र के शुभ अवसर पर अपने प्रशंसकों के साथ खुशखबरी साझा की है। उन्होंने बताया कि वह शादी के 10 साल बाद मां बनने जा रही हैं।
दिव्यांका ने सोशल मीडिया पर बेबी बंप के साथ अपनी तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में वह अपने पति Vivek Dahiya के साथ नजर आ रही हैं। दोनों व्हाइट आउटफिट में ट्विनिंग करते दिखाई दे रहे हैं। विवेक दिव्यांका के बेबी बंप पर हाथ रखकर पोज देते नजर आए, जिसमें दोनों के चेहरे पर माता-पिता बनने की खुशी साफ झलक रही है।
खुशखबरी साझा करते हुए दिव्यांका ने लिखा कि 10 साल बाद उनकी जिंदगी में एक नया मोड़ आया है। उन्होंने कहा कि कुछ सफर भागने के लिए नहीं होते, बल्कि साथ मिलकर तैयार होने के लिए होते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि जब लगता है कि कहानी पूरी हो गई है, तभी जिंदगी सबसे खूबसूरत अध्याय जोड़ देती है।
अभिनेत्री ने सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि वे इस नए सफर को लेकर उत्साहित हैं और अपने आने वाले बच्चे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



