मोवा अंडरब्रिज बंद, मरम्मत कार्य से बढ़ा ट्रैफिक दबाव, राहगीर परेशान

रायपुर। राजधानी रायपुर में मोवा स्थित रेलवे अंडरब्रिज को 13 मार्च से बंद कर दिया गया है। अंडरब्रिज की हालत लंबे समय से खराब थी और यहां सालभर पानी भरने की समस्या बनी रहती थी, जिससे कई हादसे भी हो चुके थे। शिकायतों के बाद रेलवे ने मरम्मत कार्य शुरू किया है।
हालांकि मरम्मत कार्य के बावजूद मौके पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। रोजाना हजारों लोगों के आवागमन वाले इस मार्ग पर जानकारी के अभाव में कई राहगीर अंडरब्रिज तक पहुंच जाते हैं और फिर उन्हें वापस लौटना पड़ता है।
अंडरब्रिज बंद होने से मोवा ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
स्थिति को और गंभीर वैकल्पिक मार्ग की कमी बना रही है। इलाके में आवागमन के लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं होने से स्थानीय रहवासियों, छात्र-छात्राओं और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को सूचना के अभाव में कई लोग अंडरब्रिज तक पहुंच गए और उन्हें वापस लौटना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर केवल एक पुलिस जवान तैनात है, जिससे व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।


