लोकसभा में आठ विपक्षी सांसदों की वापसी: कागज फेंकने के आरोप में 4 फरवरी को हुए थे निलंबित
नई दिल्ली। लोकसभा में मंगलवार को पहले चरण में निलंबित किए गए 8 सांसदों का सस्पेंशन समाप्त कर दिया गया। इनमें कांग्रेस के 7 और वाम दल का एक सांसद शामिल है। इन सभी सांसदों को 4 फरवरी को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया था।
सांसदों पर आरोप था कि उन्होंने हंगामे के दौरान पीठासीन सदस्य कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी की कुर्सी की ओर कागज फेंके थे। यह हंगामा उस समय हुआ था जब राहुल गांधी सदन में पूर्वी लद्दाख में 2020 के भारत-चीन सीमा तनाव का मुद्दा उठा रहे थे।
कांग्रेस सांसद के. सुरेश समेत तीन सांसदों ने सस्पेंशन समाप्त करने का प्रस्ताव रखा, जिसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी सत्ता पक्ष की भी है। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को इस बात का ध्यान रखने की नसीहत दी।
इस दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों से अपील की कि वे सदन में प्लेकार्ड और एआई से बनी तस्वीरों का प्रदर्शन न करें।



