दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: सुबह की बारिश से तापमान में गिरावट, लोगों को मिली राहत

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी और आसपास के कई इलाकों में सुबह से बारिश दर्ज की गई। रफी मार्ग, पार्लियामेंट स्ट्रीट, चिराग दिल्ली, मान सिंह रोड, पटपड़गंज, पीरागढ़ी समेत एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं भी चलीं। इसके चलते तापमान में गिरावट आई है।
अचानक बदले मौसम से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि बादल छाए रहने और बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में यह बदलाव पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वायुमंडलीय गतिविधियों के कारण हुआ है। इस तरह का मौसम आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बनता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी भारत में बारिश, आंधी और तापमान में उतार-चढ़ाव जैसी स्थिति बनती है।



