Balrampur Patwari Transfer News: बलरामपुर में प्रशासनिक फेरबदल, कलेक्टर ने 58 पटवारियों का किया तबादला

बलरामपुर। जिले में हाल ही में सामने आए अवैध अफीम की खेती के मामलों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 58 पटवारियों के तबादले का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के तहत कई तहसीलों में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पटवारियों को हटाकर अन्य जगहों पर भेजा गया है। इनमें राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर और बलरामपुर सहित कई तहसीलों के पटवारी शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य राजस्व व्यवस्था में कसावट लाना, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के कारण उत्पन्न प्रशासनिक ढिलाई को दूर करना है।
सूत्रों के अनुसार, जिले के विभिन्न इलाकों में हाल के दिनों में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कई सवाल उठे थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने राजस्व तंत्र में सख्ती दिखाते हुए यह बड़ा फैसला लिया।
एक साथ बड़ी संख्या में पटवारियों के तबादले को प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



