आरसीबी के लिए चिंता का विषय बनी जोस हेजलवुड की फिटनेस, क्या चिन्नास्वामी में होंगे मैच?

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। टीम को एक साथ कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे बड़ी चिंता स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की फिटनेस है। रिपोर्ट के अनुसार हेजलवुड अभी भी रिहैब में हैं और आईपीएल 2026 में उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। पिछले कुछ सीजन में वह आरसीबी के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने आरसीबी के लिए 27 मैचों में 45 विकेट लिए हैं और उनका औसत 18.64 रहा है। ऐसे में यदि वह शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहते हैं तो टीम के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है।
टीम की परेशानियां यहीं समाप्त नहीं होतीं। आरसीबी का घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम आईपीएल 2026 के लिए वेन्यू सूची में तो शामिल है, लेकिन इसे अभी अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। यदि समय पर क्लीयरेंस नहीं मिला तो टीम को अपने घरेलू मैच किसी अन्य मैदान पर खेलने पड़ सकते हैं।
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता भी अभी स्पष्ट नहीं है। कमिंस ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं लिया था और एशेज 2025-26 में भी वह केवल एक मुकाबला ही खेल पाए थे। इससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी धीरे-धीरे अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़ने लगे हैं। रिपोर्ट के अनुसार सभी भारतीय खिलाड़ी 16 मार्च तक आईपीएल कैंप में शामिल हो जाएंगे। हालांकि कई टीमों ने अपनी शुरुआती तैयारियां जनवरी और फरवरी से ही शुरू कर दी थीं।
आईपीएल टीमों के सामने विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता भी एक चुनौती बनी हुई है। खासकर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के कुछ खिलाड़ी पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण उड़ानों के रद्द होने से कई दिनों तक भारत में फंसे रहे। इसके चलते कुछ खिलाड़ियों के समय पर टीम कैंप से जुड़ने को लेकर भी संशय बना हुआ है।
आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। शेष मुकाबलों का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा।



