सुकन्या समृद्धि योजना बनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद, सुरेखा भगत ने बेटी के नाम खोला खाता

बलरामपुर। बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित सुकन्या समृद्धि योजना कई परिवारों के लिए बड़ी सहारा साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से अभिभावक अपनी बेटियों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के लिए छोटी-छोटी बचत कर आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। जिले में भी कई परिवार इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बेटियों के सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत कोरंधा सेक्टर के करम टोली निवासी श्रीमती सुरेखा भगत ने अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ उठाया है। गृहिणी सुरेखा भगत ने अपनी बेटी रिया के नाम से डाकघर कोरंधा में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया।
सुरेखा बताती हैं कि शुरुआत में आर्थिक तंगी के कारण खाते में नियमित रूप से राशि जमा करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता ने उनकी राह आसान कर दी। अब वे नियमित रूप से बेटी के खाते में बचत कर पा रही हैं।
उन्होंने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं की शिक्षा और विवाह जैसे महत्वपूर्ण खर्चों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई एक सुरक्षित बचत योजना है। इसमें 10 वर्ष से कम उम्र की बेटियों के नाम पर खाता खोला जा सकता है, जिसमें अभिभावक सालाना 250 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक निवेश कर आकर्षक ब्याज प्राप्त कर सकते हैं।
सुरेखा भगत का कहना है कि छोटी-छोटी बचत ही बच्चों के बड़े सपनों को पूरा करने की नींव बनती है। वे अब नियमित रूप से खाते में राशि जमा कर रही हैं, ताकि भविष्य में बेटी की उच्च शिक्षा और अन्य जरूरतों में कोई आर्थिक बाधा न आए। उन्होंने इस योजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।



