सीसीटीवी में कैद हुआ रफ्तार का कहर: बेलगाम कार ने मचाया उत्पात, पार्क की दीवार से टकराने के बाद चालक फरार

जबलपुर। मध्यप्रदेश में तेज रफ्तार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों के बीच जबलपुर शहर में तेज रफ्तार कार ने कोहराम मचा दिया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना इनकम टैक्स चौराहे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी और बाद में पार्क की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
घटना का पूरा दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर टक्कर मारती नजर आ रही है। कई लोगों को टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक नशे की हालत में बताया जा रहा है। ओमती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।



