भिंड-ग्वालियर हाईवे पर रफ्तार का कहर: 5 लोगों की मौत के बाद फोरलेन निर्माण की मांग ने पकड़ा जोर

भिंड। भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार खाली बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर लौट रही थी, जबकि ईको कार ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी। छीमका गांव के पास दोनों वाहनों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में भिंड निवासी जगदीश भदौरिया शामिल हैं, जो पटवारी होने के साथ पूर्व सैनिक भी थे। एक अन्य मृतक की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में हुई है, जबकि अन्य की पहचान की कार्रवाई जारी है। कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक से संपर्क किया गया तो उसने वाहन बेचने की जानकारी दी, वहीं खरीदार का मोबाइल बंद मिला।
घटना के बाद हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और सड़क को फोर लेन करने की मांग की है।



