बांग्लादेश में आम चुनाव से एक दिन पहले हिंदू युवक की हत्या, दहशत फैलने की आशंका

नई दिल्ली। बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से ठीक एक दिन पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय में दहशत फैल गई है। 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला के चंपारा चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार की लाश बरामद की गई।
डेली स्टार के अनुसार, पुलिस ने बताया कि रतन के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। इस घटना ने चुनावी हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हमलों की बढ़ती आशंका को और गहरा कर दिया है।
चाय बागान में मिली खून से सनी लाश
स्थानीय लोगों ने 11 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे चंपारा चाय बागान में रतन की खून से सनी लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पुष्टि की कि मृतक रतन साहूकार था, जो उसी बागान में काम करता था और इस्लामपुर यूनियन से जुड़ा हुआ था। रतन के परिवार वाले उसे पिछले रात से ढूंढ रहे थे। रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया, “रातभर हम उसे ढूंढते रहे, और सुबह हमें खबर मिली कि उसकी लाश बागान में पड़ी है। हम वहां पहुंचे और उसे पहचान लिया। हमें यह समझ में नहीं आ रहा कि उसे क्यों मारा गया।”
वारदात को कहीं और अंजाम दिया गया
एक बागान कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्थानीय लोगों का मानना है कि रतन की हत्या कहीं और की गई थी और बाद में उसकी लाश बागान में फेंक दी गई। कुछ लोग इसे चुनावी हिंसा से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अभी तक इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस ने लाश को मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।



