यूपी बजट 2026-27: योगी सरकार ने पेश किया 9.12 लाख करोड़ का भारी-भरकम बजट, नए आर्थिक जोन पर जोर

लखनऊ। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 2026-27 के वित्तीय वर्ष का बजट उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत किया। यह बजट योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम और कुल मिलाकर दसवां बजट है। बजट का आकार 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये है। बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक प्रेस वार्ता में इस बजट को उत्तर प्रदेश के पिछले नौ वर्षों के नवनिर्माण की एक नई गाथा बताया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश का बजट पिछले 9 वर्षों में तीन गुना से अधिक बढ़ा है। यह बजट 9 वर्षों के नवनिर्माण की एक नई गाथा है, जिसे देशवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी बताया कि सिटी इकोनॉमिक जोन (एससीआर), काशी-मीरजापुर इकोनॉमिक जोन, प्रयागराज-चित्रकूट इकोनॉमिक जोन और कानपुर-झांसी इकोनॉमिक जोन जैसे विकास क्लस्टरों के लिए बजट में प्रावधान किया गया है।
सीएम योगी ने इस दौरान कहा, “रूल ऑफ लॉ” यानी कानून के शासन पर उनका भरोसा है। यह रियल ग्रोथ की गारंटी है। हर व्यक्ति को सुरक्षा की आवश्यकता है, और उत्तर प्रदेश सरकार आज यह गारंटी दे रही है। सुरक्षा, स्मार्ट पुलिसिंग और त्वरित न्याय व्यवस्था यह सब नागरिकों और निवेशकों को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 9 वर्षों में उनकी सरकार ने किसी भी नए कर को लागू नहीं किया है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में यह पहली बार है कि किसी सरकार को लगातार 10 बजट पेश करने का अवसर मिला है।



